पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने आज धारचूला के छारछुम स्थित नवनिर्मित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय पुल का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने पुल की सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए ।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े इस पुल पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखने के साथ साथ आम लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए । उन्होंने संबंधित विभागों को पुल की साफ-सफाई, लाइटिंग और निगरानी प्रणाली को बेहतर करने के निर्देश भी दिए ।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा । जिलाधिकारी ने बताया कि करीब ३२ करोड़ ९८ लाख भारतीय रुपये की लागत से बन रहा यह पुल लगभग तैयार है और मई तक शेष कार्य पूरा हो जाएगा । उन्होने कहा कि पुल के शुरू होने पर यहां एसएसबी, आईटीबीपी और कस्टम चेक पोस्ट भी स्थापित कर दिए जाएंगे ।