सोमबार, मंसिर ८, २०८३
/
टीकापुर में संत निरंकारी भवन का शिलान्यास किया गया
23 नोभेम्बर 2026
  हेमलम्व माण्डव्य
नेपाल स्थित कैलाली जिले के टीकापुर में संत निरंकारी भवन का शिलान्यास किया गया है । आज सुबह टीकापुर नगर पालिका वार्ड नंबर 1, ब्लॉक नंबर 10 स्थित आध्यात्मिक स्थल पर संत निरंकारी मिशन के पूर्व विदेश विभाग सचिव एवं ज्ञानप्रचारक महात्मा विनोद बोहरा ने इस भवन की आधारशिला रखी । अत्याधुनिक तरीके से निर्मित होने वाला यह सत्संग भवन पूरे नेपाल के लिए एक आदर्श (नमूना) बनेगा ।
​नेपाल प्रवास पर आए मिशन के पूर्व विदेश विभाग सचिव एवं ज्ञानप्रचारक महात्मा बोहरा जी ने अपने शिलान्यास संबोधन में कहा कि टीकापुर से शुरू हुए इस मिशन ने आज एक नए अत्याधुनिक भवन का शिलान्यास किया है । उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि यहाँ के सभी निरंकारी अनुयायियों के समर्पण और योगदान का परिणाम है । उन्होंने आगे बताया कि सन् 2018 में अपनी नेपाल की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान ही दास ने टीकापुर में एक अत्याधुनिक भवन की आवश्यकता महसूस की थी, जो अब सन् 2026 में सतगुरु की असीम कृपा से साकार होने जा रही है । सतगुरु की कृपा से इस सत्संग भवन का निर्माण कार्य शीघ्र ही सुचारु रूप से शुरू होने का विश्वास व्यक्त किया गया है ।
​इस शिलान्यास समारोह में संत निरंकारी मंडल नेपाल के अध्यक्ष नरबहादुर रावल, मिशन के केंद्रीय सदस्य एवं क्षेत्रीय संचालक नरबहादुर बटाला, केंद्रीय सलाहकार एवं मंडल के कार्यालय सचिव श्रीराम काफ्ले, मिशन के मीडिया प्रतिनिधि हेमंत मांडव्य, सेवादल संचालक बजीर सिंह सार्की, संचालिका जुनू रावल, टीकापुर भवन के मुखी महादेव भण्डारी, मीडिया प्रतिनिधि पूर्ण कुमाल, मिशन के फोटोग्राफर दीपक रावल, संत निरंकारी आदर्श माध्यमिक विद्यालय के अध्यक्ष प्रकाश भण्डारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक टेक बहादुर चंद सहित बड़ी संख्या में निरंकारी अनुयायी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थे ।
​सत्संग भवन के शिलान्यास के पश्चात निरंकारी सत्संग भवन में विशाल सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है । यह समाचार लिखे जाने तक टीकापुर स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में ज्ञानप्रचारक महात्मा बोहरा जी के नेतृत्व में बृहत् सत्संग कार्यक्रम चल रहा है ।
ध्यान रहे कि उक्त भवन की लंबाई 60 फीट और चौड़ाई 40 फीट में बनकर तैयार होने की जानकारी दी गई है ।
माण्डव्य हेमन्त

हेमन्त माण्डव्य

साप्ताहिक राषीफल